Kaushambi News: मां के साथ सो रही दुधमुंही बच्ची की पानी टंकी में मिली लाश, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

 चायल (कौशांबी) : उत्तरप्रदेश के कौशाम्बी जिले से सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। जिले के पिपरी गांव में मां के साथ सो रही डेढ़ माह की दुधमुंही की लाश घर की छत पर रखी पानी टंकी में मिली। परिवार के लोग जिंदा होने की आशंका में उसे अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कानूनी औपचारिकता पूरी की। कातिल कौन है? इस बारे में परिवार के लोग कुछ नहीं बता पा रहे हैं। दुधमुंही के मामा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Table Of Content(toc)

शादी के 16 वर्ष बाद पैदा हुई थी बच्ची

पिपरी निवासी इंद्रपाल ने अपनी बेटी कविता की शादी सरायअकिल के तरनी निवासी अवनीश के साथ की है। अवनीश दिल्ली में रहकर प्राइवेट काम करता है। गैर प्रांत में पति के होने के कारण कविता अक्सर अपने मायके पिपरी में ही रहती है। शादी के 16 वर्ष बाद डेढ़ माह पहले कविता ने एक बच्ची को जन्म दिया। रविवार को छोटे भाई प्रदीप का जन्मदिन था। ऐसे में बड़े भाई वीरेंद्र ने घर से करीब 500 मीटर दूरी एक मकान में रात के समय दोस्ती की पार्टी रखी थी। दोनों भाई पार्टी में मौजूद थे। कविता समेत वीरेंद्र की पत्नी मीनू और मां घर पर मौजूद थे। पार्टी के बाद वीरेंद्र और प्रदीप के घर लौटने की आशंका में मुख्य गेट खोल कर रखा गया था।


रात साढ़े 12 बजे के बाद कातिलों ने वारदात को दिया अंजाम

परिवार के लोग दूसरी मंजिल में बने कमरों में सो रहे थे। दुधमुंही बच्ची अपनी मां कविता के पास सो रही थी। रात करीब साढ़े 12 बजे के बाद कविता की नींद खुली तो बच्ची को गायब देखा। इस पर उसके होश उड़ गए। परिवार के लोग जागे और खोजबीन शुरू कर दी। काफी तलाश के बाद भी बच्ची का पता नहीं चला। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव, सीओ चायल श्यामकांत व पिपरी पुलिस ने निरीक्षण किया। इस बीच सुबह करीब साढ़े सात बजे बच्ची की लाश घर की छत पर रखी पानी की टंकी में मिली। जिंदा होने की आशंका में स्वजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

Post a Comment

0 Comments